logo

बरेली के शोहम 77वीं रैंक हासिल कर बने आईएएस


बरेली। संघ लोक सेवा आयोग ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (यूपीएससी सीएसई) 2023 के लिए अंतिम परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया। बरेली के शोहम टीबडेवाल ने दूसरे प्रयास में सिविल परीक्षा उत्तीर्ण कर शहर का नाम रोशन किया है। उन्होंने 77वां स्थान हासिल किया है। उनका चयन आईएएस सेवा के लिए हुआ है। परीक्षा परिणाम आते ही उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। शोहम फिलहाल दिल्ली में हैं। कई लोग उनके घर पर बधाई देने पहुंचे। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। शहर के राजेंद्र नगर निवासी शोहम टीबडेवाल के पिता अनुपम टीबेडवाल व्यवसायी हैं। माता सीमा टीबेडवाल गृहिणी हैं। शोहम ने 10वीं की पढ़ाई सेंट फ्रांसिस और 12वीं की पढ़ाई वुडरो स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी मुंबई से सिविल इंजीनियरिंग से बीटेक किया। कॉलेज के बाद गुरुग्राम में जॉब भी किया। शोहम का पहले प्रयास में रेलवे में चयन हुआ था। दूसरे प्रयास में 77वीं रैंक हासिल की। अब उनका चयन आईएएस सेवा के लिए हुआ है।

वहीं, शहर के महानगर निवासी यश वर्धन सिंह ने पहले प्रयास में 571वीं रैंक हासिल की है। उनकी मां अर्चना चौहान बालाजी इंटर कॉलेज बीसलपुर में प्रधानाचार्य हैं। वहीं पिता डॉ. रविशरण सिंह चौहान जय नारायण इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य हैं। यश वर्धन सिंह ने दिल्ली के करोल बाग में रहकर तैयारी की है। उनकी सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। यूपीएसी में सफलता पाने वाले 1016 उम्मीदवारों में 347 सामान्य वर्ग, 115 ईडब्ल्यूएस, 303 अन्य पिछड़ा वर्ग, 165 अनुसूचित जाति और 86 अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं। इस बार आईएएस सेवा के लिए 180 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। आईएफएस सेवा के लिए 37 और आईपीएस के लिए 200 उम्मीदवार चयनित हुए हैं।

3
1372 views